शिक्षा के मंदिर में दरिंदगी: मैहर में बच्चों की छोटी सी गलती पर बौखलाए शिक्षक, सिर टकराकर दी सजा

मैहर। मध्य प्रदेश के मैहर जिले से एक शर्मनाक और अमानवीय घटना सामने आई है। रामनगर क्षेत्र के देवदहा बरगाही टोला स्थित स्कूल में एक शिक्षक द्वारा दो मासूम छात्रों के साथ दुर्व्यवहार किया गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, शिक्षक रावेन्द्र चतुर्वेदी ने कक्षा में बच्चों से हिंदी वर्णमाला लिखने को कहा था। बच्चों द्वारा अक्षर आगे-पीछे लिख देने पर शिक्षक ने आपा खो दिया और दोनों बच्चों के सिर आपस में टकरा दिए। इसके बाद उन्होंने बच्चों को थप्पड़ भी मारा।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद अभिभावकों में भारी आक्रोश है। उन्होंने आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, बीआरसी सीपी शुक्ला ने मामले की जांच कराने की बात कही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



