पहले पत्नी ने की थी खुदकुशी, अब बड़ी बेटी का किया कत्ल; बिहार के इस पिता की खौफनाक दास्तान

गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां नशे में धुत एक पिता ने अपनी 20 वर्षीय बेटी की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में इस्तेमाल खून से सना टेबल फैन भी बरामद किया है। मामला कटेया थाना क्षेत्र के गौरा गांव का है।
मृतका की पहचान मनिका कुमारी के रूप में हुई है, जो बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी पिता जनार्दन कमकर को शराब की लत थी। किसी बात को लेकर घर में विवाद हुआ, जिसके बाद उसने टेबल फैन से बेटी के सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी पिता शव के पास बैठकर रोने का नाटक करता रहा, ताकि उस पर शक न हो। सुबह घर से चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और कमरे का दृश्य देखकर स्तब्ध रह गए। कमरे में खून फैला हुआ था और पास में टूटा हुआ टेबल फैन पड़ा मिला।
स्थानीय लोगों ने बताया कि आरोपी का व्यवहार लंबे समय से हिंसक रहा है। उसकी नशे की आदतों से परेशान होकर करीब दस वर्ष पहले उसकी पत्नी ने आत्महत्या कर ली थी। ग्रामीणों का यह भी दावा है कि वह अपनी दूसरी बेटी को पहले जहर देकर मारने की कोशिश कर चुका है।
कटेया थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ के दौरान उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लग रही है और वह बार-बार बयान बदल रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।



