मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से ऑस्ट्रेलिया के महावाणिज्य दूत बर्नार्ड लिंच ने की सौजन्य मुलाकात

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज उनके राजधानी स्थित निवास कार्यालय में ऑस्ट्रेलिया के महावाणिज्य दूत बर्नार्ड लिंच ने सौजन्य मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य की विकास योजनाओं और अंतरराष्ट्रीय सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने ऑस्ट्रेलिया के महावाणिज्य दूत को छत्तीसगढ़ में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से आदिवासी और ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता और पोषण स्तर में सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों को साझा किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इन क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए तेजी से कार्य कर रही है और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के माध्यम से इन योजनाओं के क्रियान्वयन को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बर्नार्ड लिंच को छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध हस्तशिल्प कला बेल मेटल से निर्मित कलाकृति भेंट कर उनका सम्मान किया। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद, सचिव राहुल भगत, विशेष सचिव रजत बंसल, सीनियर इकोनॉमिक रिसर्च ऑफिसर अनघा सहित शासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



