छत्तीसगढ़ सीएएफ अभ्यर्थियों का आंदोलन तेज: गृहमंत्री से मिलने पहुंचे 3 उम्मीदवार गिरफ्तार, 108 दिनों से जारी है प्रदर्शन

रायपुर। छत्तीसगढ़ आर्म्स फोर्स के वेटिंग कैंडिडेट पिछले 108 दिनों से नौकरी की मांग को लेकर लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान वे कई बार गृहमंत्री विजय शर्मा से मिलने उनके निवास पहुंचे, लेकिन अब तक उन्हें कोई स्पष्ट आश्वासन नहीं मिला है।
शनिवार को तीन कैंडिडेट एक बार फिर गृहमंत्री से मुलाकात करने पहुंचे थे। इस दौरान पुलिस ने उन्हें सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, तोड़फोड़ और नारेबाजी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
अन्य कैंडिडेट्स का आरोप है कि पुलिस ने झूठे आरोप लगाकर मामला दर्ज किया है। उनका कहना है कि तीनों केवल बातचीत के लिए गए थे, लेकिन गृहमंत्री से मुलाकात नहीं हो सकी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। कैंडिडेट्स का आरोप है कि सरकार प्रदर्शन खत्म कराने के लिए दबाव बना रही है।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि मांग पूरी होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। इससे पहले कैंडिडेट्स ने अलग-अलग मंत्रियों को खून से पत्र लिखकर नौकरी की मांग की थी। उनका कहना है कि गृहमंत्री के अधिकारी उन्हें मिलने नहीं दे रहे हैं। पहली मुलाकात में भी उन्हें कोर्ट जाने की सलाह दी गई थी।



