छत्तीसगढ़ माओवादी आतंक से पूर्णतः मुक्त, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के प्रति व्यक्त किया आभार

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 31 मार्च 2026 को छत्तीसगढ़ के माओवादी आतंक से पूरी तरह मुक्त होने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, सुरक्षा बलों के जवानों और बस्तर की जनता के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सफलता सरकार, सुरक्षा बलों और जनता के सामूहिक संकल्प का परिणाम है।
मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साहसी नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और सतत प्रेरणा ने माओवादी हिंसा के विरुद्ध निर्णायक अभियान को दिशा दी। उन्होंने वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री द्वारा दंतेवाड़ा में दिए गए उस संदेश को भी याद किया, जिसमें उन्होंने युवाओं से हिंसा छोड़कर विकास का मार्ग अपनाने का आह्वान किया था।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को इस रणनीति का प्रमुख शिल्पी बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अमित शाह ने रायपुर में 31 मार्च 2026 तक माओवाद समाप्त करने का जो लक्ष्य निर्धारित किया था, उसे पूरी दृढ़ता से प्राप्त कर लिया गया है। उनके नेतृत्व में सुरक्षा बलों को न केवल आधुनिक संसाधन मिले, बल्कि स्पष्ट कार्ययोजना के साथ कार्य करने का प्रोत्साहन भी प्राप्त हुआ।
शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जवानों के सर्वोच्च बलिदान ने ही इस सफलता की नींव रखी है। उन्होंने बस्तर की जनता का विशेष आभार माना, जिन्होंने धमकियों के बावजूद लोकतंत्र पर अपना अटूट विश्वास बनाए रखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षों तक हिंसक विचारधारा ने अनेक परिवारों को पीड़ा दी, लेकिन वर्ष 2014 के बाद केंद्र में बनी रणनीति और राज्य में डबल इंजन सरकार के प्रयासों से इस समस्या का समूल नाश संभव हो सका।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार ने उन सभी का स्वागत किया है जिन्होंने हिंसा का मार्ग त्याग कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को अपनाया है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि अब बस्तर में विकास का नया अध्याय शुरू हो चुका है, जहां बच्चे निर्भय होकर स्कूल जा सकेंगे और विकास की रोशनी हर गांव तक पहुंचेगी। मुख्यमंत्री साय ने अंत में कहा कि अब प्रदेश में रेड कॉरिडोर का अंत हो चुका है और हर तरफ खुशहाली का ग्रीन कॉरिडोर नजर आ रहा है।



