केसिंगा रेलवे स्टेशन पर 40 लाख रुपये की नकदी जब्त, रायपुर जा रहा युवक हिरासत में

भवानिपाटना। ओडिशा के कालाहांडी जिले के केसिंगा रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को रेलवे पुलिस और आरपीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक के पास से 40 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। इतनी बड़ी मात्रा में नकदी मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है और सुरक्षा एजेंसियां मामले की गहन जांच में जुट गई हैं।
पकड़े गए युवक की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी प्रभात सैमुअल के रूप में हुई है। पुलिस को पहले से ही खुफिया जानकारी मिली थी कि एक व्यक्ति बड़ी राशि लेकर ट्रेन से रायपुर जाने की फिराक में है। सूचना के आधार पर अधिकारियों ने घेराबंदी कर सैमुअल को रोका और उसके बैग की तलाशी ली, जिसमें छिपाकर रखे गए पैसे बरामद हुए।
पूछताछ के दौरान युवक ने दावा किया कि यह पैसा केसिंगा के एक स्थानीय व्यापारी अजय सोनी ने उसे दिया था। उसने बताया कि वह इन रुपयों को रायपुर में होने वाली एक शादी के खर्च के लिए ले जा रहा था। हालांकि, पुलिस को उसकी बातों पर संदेह है क्योंकि वह शादी से जुड़ी कोई ठोस जानकारी या दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए अब आयकर विभाग को सूचित कर दिया गया है। विभाग यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि यह राशि वैध है या बेहिसाबी है। इसके अलावा, जांच का एक पहलू राजनीतिक कनेक्शन से भी जुड़ा है, क्योंकि आरोपी पश्चिम बंगाल का रहने वाला है और वहां वर्तमान में चुनाव प्रक्रिया चल रही है। पुलिस और संबंधित विभाग अब इस बात की पुष्टि करने में जुटे हैं कि कहीं इस नकदी का उपयोग चुनाव को प्रभावित करने के लिए तो नहीं किया जाना था। फिलहाल मामले में आगे की पूछताछ और सत्यापन की प्रक्रिया जारी है।



