सावधान! चप्पल में मोबाइल रखकर परीक्षा देने पहुंचा छात्र, ‘अजीब चाल’ ने गार्ड को चौंकाया और फिर जो हुआ…

दुर्ग में जेईई मेंस परीक्षा के दौरान नकल करने की कोशिश कर रहे एक छात्र को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामला पुरानी भिलाई स्थित पार्थिवी इंजीनियरिंग मैनेजमेंट कॉलेज का है, जहां परीक्षा के दौरान छात्र चप्पल में मोबाइल छिपाकर केंद्र के अंदर लाने की कोशिश कर रहा था।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को सुबह 9 बजे से परीक्षा आयोजित थी। पहली पाली में परीक्षार्थी आदित्य परीक्षा केंद्र पहुंचा। मुख्य गेट पर जांच के दौरान उसने अपनी चप्पलें पहले ही उतार दीं, जिससे मेटल डिटेक्टर में मोबाइल पकड़ा नहीं जा सका। इसके बाद वह परीक्षा कक्ष में जाकर बैठ गया।
सुबह करीब 11:08 बजे छात्र ने वॉशरूम जाने की अनुमति ली और करीब 20 मिनट बाद लौटा। वापसी के दौरान सुरक्षा गार्ड ओमेंद्र कुमार ने उसकी दोबारा जांच की, लेकिन इस बार भी उसने चप्पल उतारकर जांच से बचने की कोशिश की।
हालांकि, गार्ड की पैनी नजर से उसकी हरकतें बच नहीं सकीं। छात्र के चलने का तरीका संदिग्ध लगने पर गार्ड ने उसे रोका और चप्पलों की जांच की। जांच में चप्पल के अंदर छिपा मोबाइल फोन बरामद हुआ।
जांच में सामने आया कि छात्र ने चप्पल के तलवे को काटकर उसमें मोबाइल रखने के लिए विशेष जगह बनाई थी, जिससे फोन पूरी तरह छिपा हुआ था। घटना की सूचना तत्काल कॉलेज प्रबंधन और एनटीए अधिकारियों को दी गई।
इसके बाद आरोपी छात्र को पुलिस के हवाले कर दिया गया। उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



