गर्मी के बीच छत्तीसगढ़ में राहत की बूंदें! 48 घंटों बाद तापमान में आएगी गिरावट, रायपुर समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर बदलने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले पांच दिनों तक गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हो सकती है। इसके बाद तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है। वहीं दक्षिण छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई है। पेंड्रारोड में 10 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। तापमान की बात करें तो राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि दुर्ग में न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेष रूप से तेज हवाओं और गरज-चमक के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।



