Raipur Double Murder: रायपुर में पूर्व पुलिसकर्मी का खूनी खेल, पत्नी और सौतेली बेटी को कुल्हाड़ी से उतारा मौत के घाट; फिर खुद थाने पहुंचकर किया सरेंडर

रायपुर। राजधानी के विधानसभा थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमरिया गांव में एक पूर्व पुलिसकर्मी ने अपनी पत्नी और सौतेली बेटी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। घटना आज सुबह करीब सात बजे की है। आरोपी गुलाब साहू ने पारिवारिक विवाद और चरित्र शंका के चलते वारदात को अंजाम दिया और फिर थाने जाकर सरेंडर कर दिया।
पुलिस के अनुसार, गुलाब साहू और लता साहू ने करीब चार वर्ष पूर्व दूसरी शादी की थी। लता की पहले पति से 22 वर्षीय पुत्री चित्रा थी, जिसका किसी युवक के साथ आना-जाना था। इसी बात को लेकर आरोपी नाराज रहता था और परिवार में अक्सर विवाद होता था। आज सुबह गुलाब और चित्रा के बीच हुए विवाद के दौरान आरोपी ने आक्रोश में आकर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर चित्रा की हत्या कर दी। बीच-बचाव करने आई पत्नी लता की भी हत्या कर दी गई।
सूचना मिलने पर विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी गुलाब साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुट गई है।



