CG PPT 2026: छत्तीसगढ़ प्री-पॉलीटेक्निक परीक्षा का शेड्यूल जारी, 7 मई को होगा एग्जाम; स्थानीय छात्रों को वापस मिलेगी पूरी फीस

रायपुर: संचालनालय तकनीकी शिक्षा, छत्तीसगढ़ के अंतर्गत विभिन्न पॉलीटेक्निक संस्थानों में प्रवेश के लिए प्री-पॉलीटेक्निक प्रवेश परीक्षा (पीपीटी) 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन एवं परीक्षा कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
संचालनालय तकनीकी शिक्षा से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 25 मार्च 2026 से प्रारंभ हो चुकी है, जो 17 अप्रैल 2026 को सायंकाल 5:00 बजे तक प्रभावी रहेगी। यदि आवेदन पत्र भरते समय कोई त्रुटि हो जाती है, तो अभ्यर्थी 18 अप्रैल से 20 अप्रैल 2026 तक उसमें सुधार कर सकेंगे। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र 27 अप्रैल 2026 को जारी किए जाने की संभावना है।
परीक्षा का आयोजन 7 मई 2026, गुरुवार को पूर्वाह्न 10:00 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक किया जाएगा। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए राज्य के सभी 33 जिला मुख्यालयों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। पात्र अभ्यर्थी व्यापम की आधिकारिक वेबसाइट vyapamcg.cgstate.gov.in पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं।
नियमों के अनुसार, आवेदन के समय परीक्षा शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करना अनिवार्य होगा। हालांकि, छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार राज्य के स्थानीय निवासी अभ्यर्थियों का परीक्षा शुल्क व्यापम द्वारा वापस कर दिया जाएगा। यह रिफंड उसी बैंक खाते में अंतरित किया जाएगा, जिससे शुल्क का भुगतान किया गया है। व्यापम के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पात्रता, विस्तृत पाठ्यक्रम और अन्य दिशा-निर्देशों के लिए अभ्यर्थी नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट का अवलोकन करते रहें।



