सोनिया गांधी की सेहत को लेकर आया बड़ा अपडेट: सर गंगा राम अस्पताल ने जारी किया मेडिकल बुलेटिन, जानें कब मिलेगी छुट्टी?

नई दिल्ली, 30 मार्च 2026। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के स्वास्थ्य में अच्छा सुधार हुआ है। सर गंगा राम अस्पताल के चेयरमैन डॉ. अजय स्वरूप के अनुसार, उनकी स्थिति पूरी तरह सामान्य है। उन्हें अभी भी आईवी एंटीबायोटिक्स दी जा रही हैं, जो कुछ और दिनों तक जारी रहेंगी।
अस्पताल ने बताया कि सोनिया गांधी के सभी स्वास्थ्य संकेतक सामान्य सीमा के भीतर हैं। वह टहल-फिर रही हैं और नाश्ता भी ठीक से लेना शुरू कर दिया है। छुट्टी देने का निर्णय उनसे और इलाज कर रहे डॉक्टरों से चर्चा के बाद संयुक्त रूप से लिया जाएगा।
सिस्टमिक इन्फेक्शन के चलते सोनिया गांधी को 24 मार्च की रात साढ़े दस बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनका इलाज डॉ. डी.एस. राणा, डॉ. एस. नंदी और डॉ. अरूप बसु की देखरेख में हो रहा है।
दिल्ली में बदलते मौसम और बढ़ते प्रदूषण के कारण उनकी तबीयत पर असर पड़ा था। सीने में जकड़न और सांस लेने में हल्की तकलीफ के बाद डॉक्टरों ने उन्हें निगरानी में रखने का फैसला किया था। सोनिया गांधी कई वर्षों से ब्रोंकियल अस्थमा की समस्या से जूझ रही हैं। इससे पहले जनवरी में भी उन्हें प्रदूषण के चलते इसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।



