शादी की खुशियां मातम में बदली: महाराष्ट्र के गढ़चिरोली में बस और स्कॉर्पियो की भीषण भिड़ंत, 6 की मौत और कई घायल!

गढ़चिरोली। महाराष्ट्र के गढ़चिरोली जिले में चामोरशी रोड पर एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई है। शादी समारोह से लौट रही स्कॉर्पियो को सामने से आ रही यात्री बस ने टक्कर मार दी। इस हादसे में अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। स्कॉर्पियो में कुल 16 यात्री सवार थे।
दुर्घटना तलोधी (मोकासा) गांव के पास एक खतरनाक मोड़ पर हुई। स्कॉर्पियो रामपुर से भदभिड़ी मोकासा जा रही थी। विपरीत दिशा से आ रही यात्री बस ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे स्कॉर्पियो चकनाचूर हो गई।
टक्कर की आवाज सुनते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कर दिया। घायलों को तुरंत गढ़चिरोली स्थित जिला सामान्य अस्पताल ले जाया गया। इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में दो लोगों की मौत हो गई। अस्पताल में इलाज करा रहे कुछ घायलों की हालत बेहद गंभीर है, जिससे मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
कई घायल वाहन में फंसे हुए थे, जिन्हें बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा तेज रफ्तार और खतरनाक मोड़ पर नियंत्रण खोने के कारण हुआ माना जा रहा है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।



