Raipur Weather Update: रायपुर में बदला मौसम का मिजाज, मूसलाधार बारिश और ठंडी हवाओं ने गर्मी से दिलाई राहत

रायपुर। राजधानी रायपुर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। शुक्रवार को शहर के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
जानकारी के अनुसार, शहर के अलग-अलग हिस्सों में तेज हवा के साथ बारिश का दौर जारी रहा। अचानक बदले मौसम के चलते जनजीवन पर भी असर देखने को मिला, हालांकि लोगों को तपती गर्मी से राहत मिली है।
मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में फिलहाल अधिकतम तापमान सामान्य बना हुआ है। पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।
विभाग ने बताया कि अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए संभावना जताई है कि प्रदेश में हल्की बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। साथ ही कुछ इलाकों में बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।


