बीसीसीआई ने जारी किया आईपीएल 2026 का पूरा शेड्यूल, 12 शहरों में होंगे मुकाबले

मुंबई। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का पूर्ण कार्यक्रम घोषित कर दिया है। 28 मार्च से शुरू हो रहे इस टूर्नामेंट के लिए अब सभी 70 लीग मैचों की स्थिति स्पष्ट हो गई है। बोर्ड ने पहले केवल 20 मैचों की जानकारी साझा की थी, लेकिन अब शेष 50 मैचों का विवरण भी जारी कर दिया गया है।
इस सीजन के मुकाबले देश के 12 अलग-अलग शहरों में आयोजित किए जाएंगे, जिनमें बेंगलुरु, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, दिल्ली, अहमदाबाद, हैदराबाद, लखनऊ, जयपुर, धर्मशाला, रायपुर और न्यू चंडीगढ़ शामिल हैं। ऊर्जा और ईंधन से जुड़ी चिंताओं के बावजूद बीसीसीआई ने यह साफ कर दिया है कि टूर्नामेंट की रूपरेखा में कोई बदलाव नहीं होगा और सभी मैच योजना के अनुसार ही संपन्न होंगे।
इस बार शेड्यूल में कुल 8 डबल हेडर (एक दिन में दो मैच) रखे गए हैं। दिन का पहला मैच दोपहर 3:30 बजे और दूसरा मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। कुछ टीमों के घरेलू मैदानों में भी बदलाव देखने को मिला है। पंजाब की टीम अपने घरेलू मैच धर्मशाला और न्यू चंडीगढ़ में खेलेगी, जिसमें से तीन मैच धर्मशाला में होंगे। राजस्थान रॉयल्स चार मैचों के लिए जयपुर में मेजबानी करेगी। वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) अपने तीन घरेलू मैच बेंगलुरु में और दो मैच रायपुर के स्टेडियम में खेलेगी। प्लेऑफ और फाइनल मैच के आयोजन स्थल और तारीखों की घोषणा आगामी चरणों में की जाएगी।



