CGPSC Pre Result 2025: पीएससी ने जारी की सफल अभ्यर्थियों की सूची, मुख्य परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन अब अनिवार्य

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने CGPSC प्रारंभिक परीक्षा 2025 का परिणाम घोषित कर दिया है। इस परीक्षा में कुल 3921 अभ्यर्थियों का चयन मुख्य परीक्षा के लिए किया गया है। आयोग के अनुसार मुख्य परीक्षा का आयोजन 16 से 19 मई के बीच किया जाएगा।
प्रारंभिक परीक्षा 22 फरवरी 2026 को आयोजित की गई थी। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत विभिन्न 20 सेवाओं के लिए कुल 265 पदों पर नियुक्ति की जानी है। नियम के अनुसार विज्ञापित पदों के 15 गुना अभ्यर्थियों का चयन किया जाना था, जिसके तहत 3975 अभ्यर्थियों को चुना जाना था। हालांकि वर्गवार और उपवर्गवार पात्र अभ्यर्थियों की उपलब्धता के आधार पर 3921 अभ्यर्थियों को ही मेंस परीक्षा के लिए चयनित किया गया है।
मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए चयनित अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य होगा। आवेदन प्रक्रिया और अन्य आवश्यक निर्देशों की विस्तृत जानकारी आयोग द्वारा अलग से जारी की जाएगी।
प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिया गया है, जहां अभ्यर्थी अपने अंक, कटऑफ और अन्य विवरण देख सकते हैं।



