गरियाबंद में हीरा तस्करी का बड़ा भंडाफोड़: 63.50 लाख के 34 नग हीरों के साथ ओडिशा का तस्कर गिरफ्तार

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 63.50 लाख रुपये मूल्य के 34 नग हीरे जब्त किए हैं। इस मामले में ओडिशा के एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जो जिले में हीरे के लिए ग्राहक तलाश रहा था।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई कोतवाली थाना क्षेत्र में की गई। मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम नहरगांव स्थित एक स्कूल के पास एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में बैग लेकर घूम रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस को देखते ही वह भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन उसे मौके पर ही धर दबोचा गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से 34 नग हीरे बरामद किए गए। जब उससे हीरों से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बंशी शेट्टी निवासी भवानीपटना, जिला कालाहांडी, ओडिशा बताया। पुलिस उसे गिरफ्तार कर थाने ले आई है और हीरों के स्रोत व तस्करी के नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस अब इस मामले में जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी हीरे किसे सौंपने वाला था। मामले में आगे की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



