युद्ध अपडेट: कुवैत एयरपोर्ट पर ईरानी ड्रोन अटैक, सेना ने नागरिकों के लिए जारी की एडवायजरी

नई दिल्ली। अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच जारी संघर्ष का आज 26वां दिन है। इस बीच ईरान ने मंगलवार रात कुवैत के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ड्रोन हमला किया, जिससे वहां स्थित फ्यूल टैंक में आग लग गई।
कुवैत की सेना ने हमले के बाद जवाबी कार्रवाई करते हुए बताया कि कई ड्रोन और मिसाइलों को हवा में ही मार गिराया गया है। सेना ने कहा कि क्षेत्र में सुनाई दे रही धमाकों की आवाजें दुश्मन के हमलों को नाकाम करने के दौरान की हैं।
कुवैत नेशनल गार्ड ने भी जानकारी दी कि उसने अपने क्षेत्र में पांच ड्रोन को मार गिराया है। सेना ने नागरिकों से अपील की है कि वे सरकार द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
वहीं, इराक के उग्रवादी संगठन इस्लामिक रेजिस्टेंस इन इराक ने दावा किया है कि उसने पिछले 24 घंटों में अमेरिका से जुड़े 23 ठिकानों पर ड्रोन और मिसाइलों से हमला किया है। हालांकि इन हमलों से हुए नुकसान का पूरा आकलन अभी सामने नहीं आया है। क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच हालात लगातार गंभीर बने हुए हैं।



