शादी का झांसा देकर महिला से ऐंठे 9 लाख रुपये, ब्लैकमेल करने वाला यूपी का युवक पकड़ाया

सक्ती। जिले के सक्ती थाना क्षेत्र में ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है, जहां मैट्रिमोनी ऐप के जरिए शादी का झांसा देकर एक महिला से लाखों रुपये ठग लिए गए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को उत्तर प्रदेश के कानपुर से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 9 मार्च को सक्ती थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि कानपुर के गंगापुर कॉलोनी निवासी अंकित तिवारी ने मैट्रिमोनी ऐप ‘जीवन साथी’ के माध्यम से उससे संपर्क किया और शादी का प्रस्ताव रखा। आरोपी ने विश्वास में लेकर वीडियो कॉल के जरिए बातचीत की और शादी का आश्वासन दिया।
आरोप है कि आरोपी ने वीडियो कॉल के दौरान बातचीत को रिकॉर्ड कर लिया और बाद में उसे आधार बनाकर पीड़िता से पैसे मांगने लगा। कभी नौकरी पर संकट तो कभी तबीयत खराब होने का बहाना बनाकर आरोपी ने पीड़िता से करीब 8 से 9 लाख रुपये ले लिए।
इसके बाद आरोपी ने और पैसे की मांग करते हुए वीडियो और स्क्रीनशॉट वायरल करने की धमकी दी। ठगी का अहसास होने पर पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की और टीम को कानपुर भेजकर अंकित तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।



