धूं-धूं कर जली बारात की कार: मुंगेली के बंधवापुल के पास हादसा, बाल-बाल बचे दूल्हा-दुल्हन

मुंगेली। जिले के लालपुर थाना क्षेत्र में बंधवापुल के पास बारात से लौट रही एक कार में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। वाहन में सवार दूल्हा-दुल्हन सहित सात लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
जानकारी के अनुसार, बेमेतरा जिले के खाती गांव से बारात मुंगेली के मोहतरा गांव आई थी, जहां शादी समारोह संपन्न हुआ। रविवार सुबह विदाई के बाद दूल्हा-दुल्हन समेत सात लोग एक्सयूवी 700 कार से वापस लौट रहे थे।
रास्ते में चालक को वाहन से धुआं निकलता दिखाई दिया। उसने तुरंत कार रोक दी। बाहर निकलकर देखने पर आग तेजी से फैलने लगी और कुछ ही क्षणों में कार के अंदर धुआं भर गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सभी लोग तुरंत वाहन से बाहर निकल आए।
कुछ ही देर में कार धू-धू कर जलने लगी और पूरी तरह नष्ट हो गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



