बदला ठिकाना: अब तेलीबांधा में बनेगा आपका पासपोर्ट, 6 अप्रैल से नई शुरुआत

रायपुर। राजधानी में संचालित पासपोर्ट सेवा केंद्र को तेलीबांधा स्थानांतरित किया जा रहा है। अब तक यह केंद्र श्याम प्लाजा में संचालित हो रहा था, लेकिन सीमित स्थान के कारण इसे नई जगह शिफ्ट करने का निर्णय लिया गया है। नया केंद्र तेलीबांधा स्थित वन हाई स्ट्रीट कॉम्प्लेक्स के सेकेंड फ्लोर पर तैयार किया जा रहा है।
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी बीएस राणा के अनुसार 6 अप्रैल से सभी सेवाएं नए पते से ही संचालित होंगी। इस तारीख के बाद ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लेने वाले आवेदकों को नए केंद्र पर ही पहुंचना होगा। साथ ही पुराने लंबित आवेदनों का निपटारा भी इसी स्थान पर किया जाएगा।
अधिकारियों के मुताबिक नए केंद्र में बेहतर पार्किंग, बैठने की सुविधा और आधुनिक तकनीकी व्यवस्था उपलब्ध होगी। इससे रायपुर के साथ भिलाई, बिलासपुर और महासमुंद से आने वाले आवेदकों को भी सुविधा मिलेगी।
वहीं डीडी नगर स्थित पासपोर्ट कार्यालय पूर्ववत संचालित होता रहेगा। इस कार्यालय से जुड़े सभी कार्य पहले की तरह जारी रहेंगे। पासपोर्ट सेवा केंद्र का संचालन टीसीएस कंपनी द्वारा किया जाता है और सभी प्रक्रिया पूरी होने के बाद डीडी नगर कार्यालय से पासपोर्ट जारी कर स्पीड पोस्ट के माध्यम से आवेदकों के पते पर भेजा जाता है।



