मासूम पर बरपा सुरक्षाकर्मी का कहर: चोरी के शक में बच्चे को बेरहमी से पीटा, वीडियो वायरल होने पर एफआईआर दर्ज

बलौदाबाजार। जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में स्थित एक सीमेंट प्लांट परिसर में नाबालिग बच्चे के साथ सुरक्षाकर्मी द्वारा मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित के बड़े भाई कार्तिक साहू के अनुसार, उनका छोटा भाई शनिवार शाम करीब 5 बजे आम खाने के लिए प्लांट परिसर में गया था। इसी दौरान सुरक्षाकर्मी ने उस पर चोरी का संदेह जताते हुए उसे पकड़ लिया और जमीन पर पटक-पटक कर बेरहमी से मारपीट की। इस हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल नाबालिग को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी स्थिति गंभीर बताई है और उसे निगरानी में रखा गया है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद रविवार शाम पीड़ित परिवार सिटी कोतवाली थाना पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई।
परिवार का आरोप है कि गांव के उपसरपंच ने उन्हें पहले धमकाया, जिसके कारण वे तत्काल शिकायत दर्ज नहीं करा सके। बाद में परिवार ने हिम्मत जुटाकर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई।
एडिशनल एसपी ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर आरोपी सुरक्षाकर्मी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और कड़ी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी साक्ष्य, सहित वायरल वीडियो, की जांच की जा रही है।
पुलिस और प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नाबालिगों के साथ किसी भी प्रकार की हिंसा या दुर्व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



