रायपुर में खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का उत्साह, अरुणाचल प्रदेश की टीम का पारंपरिक नृत्य और पुष्पगुच्छ से आत्मीय स्वागत

रायपुर। छत्तीसगढ़ की मेजबानी में आयोजित होने जा रहे देश के पहले खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स के लिए खिलाड़ियों का आगमन शुरू हो गया है। सोमवार सुबह अरुणाचल प्रदेश के भारोत्तोलन दल के 14 सदस्य राजधानी रायपुर पहुंचे, जिनमें 13 खिलाड़ी और एक सहयोगी स्टाफ शामिल है।
स्वामी विवेकानंद विमानतल पर खिलाड़ियों के पहुंचते ही छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति की झलक देखने को मिली। राऊत नाचा दल की रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच खेल एवं युवा कल्याण विभाग और भारतीय खेल प्राधिकरण के अधिकारियों ने गुलाब भेंट कर खिलाड़ियों का आत्मीय स्वागत किया। जानकारी के अनुसार, 23 मार्च को विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की अन्य टीमें भी बड़ी संख्या में रायपुर पहुंचेंगी।
उल्लेखनीय है कि देश में पहली बार आयोजित हो रहे इन जनजातीय खेलों की मेजबानी छत्तीसगढ़ के तीन शहरों रायपुर, अंबिकापुर और जगदलपुर को मिली है। 25 मार्च से 3 अप्रैल तक चलने वाले इस खेल महाकुंभ में देशभर के लगभग तीन हजार जनजातीय खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
10 दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में पुरुष और महिला दोनों वर्गों के लिए सात प्रमुख खेलों की स्पर्धाएं होंगी। इनमें हॉकी, फुटबॉल, कुश्ती, एथलेटिक्स, तैराकी, तीरंदाजी और भारोत्तोलन जैसे रोमांचक मुकाबले शामिल हैं। प्रशासन और खेल विभाग ने इस आयोजन को भव्य बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं ताकि बाहर से आने वाले खिलाड़ियों को छत्तीसगढ़ की मेहमाननवाजी और खेल भावना का बेहतर अनुभव मिल सके।



