वीरांगना अवंतीबाई लोधी के बलिदान दिवस पर पहुंचे मुख्यमंत्री, कबीरधाम में कई विकास कार्यों की घोषणा की

कबीरधाम। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार को कबीरधाम जिले के ग्राम सेमरिया पहुंचे, जहां उन्होंने वीरांगना अवंतीबाई लोधी के 168वें बलिदान दिवस कार्यक्रम में शिरकत की। मुख्यमंत्री ने वीरांगना अवंतीबाई की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें नमन किया और समाज की मांग पर सामुदायिक भवन, मिनी स्टेडियम व यज्ञशाला निर्माण की महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वीरांगना अवंतीबाई लोधी का जीवन साहस और राष्ट्रभक्ति की अनुपम मिसाल है। उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ लोहा लिया और देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। मुख्यमंत्री ने लोधी समाज की सराहना करते हुए कहा कि यह समाज अपनी वीरता और नैतिकता के लिए जाना जाता है और देश के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार सुशासन के संकल्प के साथ काम कर रही है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के जरिए प्रदेश की 70 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जा रही है। अब तक 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे उनके खातों में भेजी जा चुकी है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना और 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी जैसे कदमों से गरीबों और किसानों का सशक्तिकरण हो रहा है।
धार्मिक और सांस्कृतिक प्रयासों की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि रामलला दर्शन योजना के तहत अब तक 42 हजार से अधिक लोग अयोध्या जा चुके हैं। उन्होंने खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए बस्तर और सरगुजा में आयोजित हो रहे ओलंपिक का भी उल्लेख किया।
घोषणाओं की कड़ी में मुख्यमंत्री ने कवर्धा के वार्ड क्रमांक 26 में सामाजिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये, मिनी स्टेडियम और सहसपुर-लोहारा में यज्ञशाला निर्माण के लिए 20 लाख रुपये स्वीकृत करने का एलान किया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, विधायक भावना बोहरा, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और लोधी समाज के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



