मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कबीरधाम के जुनवानी नर्मदा धाम में आयोजित रुद्र महायज्ञ में हुए शामिल, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की

कबीरधाम। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार को कबीरधाम जिले के ग्राम जुनवानी नर्मदा धाम पहुंचे। यहाँ उन्होंने जिला साहू संघ द्वारा आयोजित पंच कुंडीय श्री रुद्र महायज्ञ एवं श्री शिव महापुराण कथा में शिरकत की। मुख्यमंत्री ने भक्ति भाव के साथ यज्ञ की परिक्रमा की और व्यासपीठ का पूजन कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों की खुशहाली और शांति के लिए प्रार्थना की।
श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि साहू समाज एक संगठित और प्रगतिशील समाज है, जिसने दानवीर भामाशाह जैसे महान व्यक्तित्व दिए हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ की आध्यात्मिक महत्ता पर चर्चा करते हुए कहा कि यह प्रदेश माता कौशल्या का मायका और प्रभु श्रीराम का ननिहाल है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार की रामलला दर्शन योजना के तहत अब तक 40 हजार से अधिक लोग अयोध्या के दर्शन कर चुके हैं। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि बुजुर्गों के लिए मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना भी सुचारू रूप से संचालित की जा रही है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य विधेयक का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि समाज के कमजोर वर्गों को प्रलोभन या दबाव देकर कराए जाने वाले धर्मांतरण को रोकने के लिए सरकार ने यह सख्त कानून लाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि छल और प्रलोभन के माध्यम से होने वाले धर्म परिवर्तन पर रोक लगाना सामाजिक सद्भाव और शांति बनाए रखने के लिए आवश्यक है।
कार्यक्रम में उपस्थित उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नर्मदा धाम की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए इसे क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र बताया। वहीं पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने नई पीढ़ी को सनातन संस्कृति से जोड़ने के लिए युवाओं और बच्चों की धार्मिक आयोजनों में भागीदारी पर जोर दिया। इस अवसर पर पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, पूर्व विधायक डॉ. सियाराम साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।



