मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ग्राम ओड़ान में बड़ादेव की पूजा-अर्चना की, शहीद वीर नारायण सिंह और रानी दुर्गावती की प्रतिमाओं का किया अनावरण

बलौदाबाजार। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार को बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के ग्राम ओड़ान पहुंचे, जहां उन्होंने गोंड समाज के पवित्र पूजा स्थल पर आयोजित बड़ादेव स्थापना कार्यक्रम में शिरकत की। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर विधि-विधान से बड़ादेव की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख, शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के पारंपरिक और आध्यात्मिक आयोजन हमारी समृद्ध संस्कृति, आस्था और सामाजिक एकता को मजबूती प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद वीर नारायण सिंह और वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमाओं का अनावरण कर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। शहीद वीर नारायण सिंह के योगदान को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने 1857 के गदर में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ साहसपूर्ण संघर्ष का नेतृत्व किया था। रायपुर के जयस्तंभ चौक पर उनका बलिदान भारतीय इतिहास में हमेशा प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। साथ ही उन्होंने रानी दुर्गावती के अदम्य साहस की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने गोंडवाना के स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया और मातृभूमि के प्रति समर्पण की एक अनुपम मिसाल पेश की।
इस गरिमामय आयोजन में जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, विधायक संदीप साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल और उपाध्यक्ष पवन साहू सहित अनेक पूर्व विधायक व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में पहुंचे गणमान्य नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया।



