धमतरी में गंगरेल नौकायान उत्सव का ऐतिहासिक आयोजन, 52 टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला

धमतरी। धमतरी जिले के प्रसिद्ध गंगरेल बांध की लहरों पर रविवार को पहली बार ‘गंगरेल नौकायान उत्सव’ के अंतर्गत महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। मचान हाट पॉइंट से गंगरेल ब्लू एडवेंचर स्पोर्ट्स पॉइंट तक करीब 1000 मीटर की दूरी में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने जबरदस्त उत्साह और टीम वर्क का परिचय दिया। इस ऐतिहासिक आयोजन ने धमतरी को जल पर्यटन और खेल के क्षेत्र में नई पहचान दी है।
इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप में धमतरी के साथ-साथ पड़ोसी जिले कांकेर और बालोद की कुल 52 टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ विधायक ओमकार साहू, महापौर रामू रोहरा और पूर्व विधायक रंजना साहू ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर कलेक्टर अविनाश मिश्रा और जिला पंचायत सीईओ गजेंद्र ठाकुर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
महिला प्रतिभागियों ने पेश की मिसाल
इस आयोजन का मुख्य आकर्षण ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रही। ग्राम तिर्रा की चयन बाई, सुमन और दिनेश्वरी निधार ने अपनी पारंपरिक लकड़ी की नाव के साथ प्रतिस्पर्धा में उतरकर सभी का ध्यान खींचा। सीमित संसाधनों के बावजूद इन महिलाओं के साहस और आत्मविश्वास ने महिला सशक्तिकरण का जीवंत उदाहरण पेश किया।
विजेता टीमों को मिला नकद पुरस्कार
कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद बोट क्रमांक 04 के रोमार निषाद और जीतू निषाद ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 1 लाख रुपये का नकद पुरस्कार जीता। द्वितीय स्थान पर सत्वंत मंडावी और मिथलेश मंडावी रहे जिन्हें 50 हजार रुपये मिले, जबकि तृतीय स्थान हासिल करने वाले कोमल निषाद और महेश्वर कुरेटरी को 25 हजार रुपये प्रदान किए गए। इसके अलावा वेशभूषा और बोट सजावट के लिए भी विशेष पुरस्कार दिए गए। जिला प्रशासन ने महिला प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाने के लिए अलग से सांत्वना पुरस्कारों की घोषणा की।
पर्यटन और सुरक्षा पर विशेष ध्यान
विधायक ओमकार साहू ने इस आयोजन को क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपरा और जल पर्यटन के लिए मील का पत्थर बताया। वहीं कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं में एडवेंचर स्पोर्ट्स के प्रति रुचि बढ़ेगी। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण भी किया गया। साथ ही मत्स्य विभाग द्वारा मछुआ समितियों को आइस बॉक्स वितरित किए गए और जल सुरक्षा के लिए क्षेत्र में वॉटर एंबुलेंस की सुविधा भी शुरू की गई है।



