मैनपुर में सनसनी: पिता ने मासूम बेटी पर किया जानलेवा हमला, खुद की भी गर्दन रेती, दोनों रायपुर रेफर

गरियाबंद। जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र के कामेपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने अपनी ही 6 वर्षीय बेटी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इसके बाद उसने खुद को भी गंभीर रूप से घायल कर लिया। घटना के बाद दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, घटना घर के आंगन में उस समय हुई जब परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। आरोपी पिता महेंद्र नेताम (36) ने घर में रखे सब्जी काटने के चाकू से बेटी की गर्दन पर वार किया। बच्ची की चीख सुनकर उसकी मां मौके पर पहुंची और बीच-बचाव किया।
इस दौरान बच्ची को गर्दन के बाहरी हिस्से में चोट आई, जबकि आरोपी ने खुद के गले पर भी चाकू से वार कर लिया। परिजनों ने तत्काल हस्तक्षेप कर चाकू छीन लिया और दोनों को गरियाबंद जिला अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टर हरीश चौहान के अनुसार, बच्ची की हालत फिलहाल स्थिर है और चोटें सतही हैं। वहीं पिता के गले में गहरा घाव होने के कारण काफी रक्तस्राव हुआ। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर के मेकाहारा अस्पताल रेफर किया गया है घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



