सक्ती: दिव्यांग शिक्षक की हत्या करने वाले आरोपी ने घर के पीछे फांसी लगाकर दी जान

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में दिव्यांग शिक्षक की हत्या के मामले में नया मोड़ सामने आया है। हत्या के आरोपी का शव उसके घर के पीछे फांसी के फंदे पर लटका मिला है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, जैजेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जर्वे में 18 मार्च को दिव्यांग शिक्षक देवानंद भारद्वाज का शव मिला था। प्रारंभिक जांच में सामने आया था कि मृतक का अपने पड़ोसी टिमनलाल के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। घटना के दिन शिक्षक ट्राइसाइकिल से निकले थे, इसी दौरान उन पर कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई। आरोपी ने शव को घसीटकर विवादित जमीन के पास ले जाकर आग लगाने का प्रयास भी किया था।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी। इसी बीच शुक्रवार दोपहर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी कि आरोपी टिमनलाल ने अपने घर के पीछे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।
बताया जा रहा है कि आरोपी घटना के बाद से फरार था और शुक्रवार को गांव के पास खेत की ओर से अपने घर पहुंचा। इसके बाद उसने घर के पीछे गमछे से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। शिक्षक की हत्या और आरोपी की आत्महत्या के बाद क्षेत्र में भय और शोक का माहौल है।



