भोपाल-इंदौर के बड़े कारोबारी निशाने पर: बिश्नोई गैंग के ‘हैरी बॉक्सर’ ने मांगी करोड़ों की फिरौती, पुलिस महकमे में हड़कंप

भोपाल। राजधानी भोपाल में एक सर्राफा व्यापारी को कथित तौर पर लॉरेंस गैंग के गुर्गों द्वारा अंतरराष्ट्रीय नंबरों से व्हाट्सएप कॉल कर 10 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। वहीं इंदौर में एक रियल एस्टेट कारोबारी से भी 15 करोड़ रुपए की मांग की गई है। पुलिस ने दोनों मामलों में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार कोलार क्षेत्र के पार्वती नगर निवासी गौरव जैन, जो सर्राफा व्यापारी हैं, को 18 मार्च की रात करीब 10:30 बजे एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से व्हाट्सएप कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस गैंग का सदस्य ‘हैरी बॉक्सर’ बताया और पैसों की मांग करते हुए धमकी दी कि जल्द फैसला कर लें। अगले दिन दोबारा कॉल कर रकम की व्यवस्था करने को कहा गया। व्यापारी द्वारा इनकार करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी।
इसी तरह इंदौर के तुकोगंज थाना क्षेत्र निवासी रियल एस्टेट कारोबारी संजय जैन को भी कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी मिली है। उनसे पहले 10 करोड़ रुपए की मांग की गई, बाद में अतिरिक्त 5 करोड़ रुपए और मांगे गए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर तकनीकी आधार पर जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में अंतरराष्ट्रीय कॉल के माध्यम से धमकी दिए जाने की पुष्टि हुई है।
हाल के दिनों में प्रदेश के अन्य जिलों में भी इसी तरह की घटनाएं सामने आई हैं। अशोक नगर में पुलिस ने एक संदिग्ध को पकड़ा था, जबकि खरगोन में एक व्यापारी के घर गोलीबारी की घटना हुई थी। अब भोपाल और इंदौर में कारोबारियों को निशाना बनाए जाने से व्यापारिक वर्ग में चिंता का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस तरह के कॉल या संदेश मिलने पर घबराएं नहीं और तत्काल पुलिस को सूचना दें।



