दुर्ग और बलरामपुर के बाद अब रायगढ़ में मिली अफीम: भूपेश बघेल का हमला- भाजपा राज में युवाओं को नशे में धकेलने की साजिश

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दुर्ग और बलरामपुर के बाद अब रायगढ़ जिले के तमानार क्षेत्र में अफीम की अवैध खेती का मामला सामने आने से राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। इस मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री Bhupesh Baghel ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
भूपेश बघेल ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार के कार्यकाल में गैरकानूनी गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है और युवाओं को नशे की ओर धकेला जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इन मामलों पर प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि नगरी-सिहावा क्षेत्र में भी अफीम की खेती की जा रही है। बघेल के अनुसार, उन्हें मिली अपुष्ट जानकारी के मुताबिक एक भाजपा नेता के बड़े फार्महाउस में करीब 20 एकड़ जमीन पर अफीम उगाई जा रही थी। उन्होंने कहा कि जैसे ही इस मामले को उठाया गया, संबंधित स्थान पर फसल को बुलडोजर से नष्ट कर दिया गया।
बघेल ने आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े लोग प्रदेश में नशे के प्रसार को बढ़ावा देने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे सामाजिक व्यवस्था पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।



