पैनिक बुकिंग का असर: रायपुर में 3 दिन की जगह 7 दिन में मिल रहा गैस सिलेंडर, एजेंसियों ने कहा- बाजार में नहीं है कोई कमी

रायपुर। अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के असर के बीच जिले में एलपीजी सिलेंडर को लेकर पैनिक जैसी स्थिति बन गई है। गैस एजेंसियों में अचानक बुकिंग बढ़ने से वेटिंग 950 से 1100 तक पहुंच गई है, जिससे उपभोक्ताओं को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।
गैस एजेंसी संचालकों के अनुसार बड़ी संख्या में उपभोक्ता एक साथ सिलेंडर बुक कर रहे हैं। कई ऐसे लोग भी बुकिंग करा रहे हैं, जिनके घरों में पहले से भरे सिलेंडर मौजूद हैं। इससे सामान्य मांग के मुकाबले दबाव बढ़ गया है और वेटिंग तेजी से बढ़ी है। एजेंसियों का कहना है कि यह वास्तविक कमी नहीं, बल्कि पैनिक के कारण बनी स्थिति है।
अचानक बढ़ी मांग का सबसे ज्यादा असर होम डिलीवरी व्यवस्था पर पड़ा है। पहले जहां उपभोक्ताओं को 2 से 3 दिन में सिलेंडर मिल जाता था, अब 5 से 7 दिन या उससे अधिक समय लग रहा है। डिलीवरी कर्मियों को समय पर सिलेंडर पहुंचाने में कठिनाई हो रही है, जिसके कारण उपभोक्ताओं को बार-बार एजेंसी से संपर्क करना पड़ रहा है।



