विधानसभा कार्यवाही: डिप्टी सीएम विजय शर्मा पेश करेंगे धर्म स्वातंत्र्य संशोधन विधेयक, सदन में हंगामे के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज 12वां दिन है। सत्र के दौरान प्रश्नकाल में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत कई मंत्री विधायकों के सवालों का जवाब देंगे। साथ ही सदन में आज धर्म स्वातंत्र्य संशोधन विधेयक प्रस्तुत किया जाएगा।
प्रश्नकाल में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ मंत्री टंकराम वर्मा और मंत्री केदार कश्यप भी विधायकों के प्रश्नों का उत्तर देंगे। वहीं वित्त मंत्री ओपी चौधरी सदन की कार्यवाही के दौरान पत्रों को पटल पर रखेंगे। विधायक कुंवर सिंह निषाद और ललित चंद्राकर ध्यानाकर्षण प्रस्तुत करेंगे, जबकि विधायक विक्रम मंडावी, लता उसेंडी और उद्देश्वरी पैकरा याचिकाएं पेश करेंगे।
सदन की कार्यवाही के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा धर्म स्वातंत्र्य संशोधन विधेयक प्रस्तुत करेंगे। इसके अलावा मंत्री टंकराम वर्मा और वित्त मंत्री ओपी चौधरी शासकीय विधि विषयक कार्य सदन के पटल पर रखेंगे।
सत्र के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विभागों की अनुदान मांगों पर भी चर्चा होगी। साथ ही वित्त मंत्री ओपी चौधरी छत्तीसगढ़ विनियोग विधेयक का पुनःस्थापन करेंगे।



