12वीं हिंदी पेपर लीक के आरोप पर विधानसभा में हंगामा, सरकार ने कहा नहीं हुआ पेपर लीक

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दौरान 12वीं बोर्ड के हिंदी पेपर लीक होने का मामला भी गूंजा। कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने सदन में यह मुद्दा उठाते हुए प्रदेश की स्कूली शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए।
देवेंद्र यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रदेश में स्कूली शिक्षा की स्थिति पहले से चर्चा में है और अब 12वीं के हिंदी पेपर लीक होने की खबर सामने आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक कर कुछ छात्रों और अन्य लोगों को फायदा पहुंचाने की कोशिश की गई है।
कांग्रेस विधायक ने यह भी कहा कि जो जानकारी सामने आ रही है, उसके अनुसार केवल एक विषय ही नहीं, बल्कि अन्य विषयों के पेपर लीक होने की आशंका भी जताई जा रही है। उन्होंने इसे गंभीर मामला बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
उन्होंने सरकार और स्कूल शिक्षा मंत्री से इस मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कराने, निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही कहा कि मामले की पूरी सच्चाई जनता के सामने लाई जानी चाहिए।
इधर, 12वीं बोर्ड परीक्षा के पेपर लीक के आरोपों पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश में कहीं भी 12वीं का पेपर लीक नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि एक छात्र संगठन द्वारा आधी रात को कुछ प्रश्नों को जानबूझकर व्हाट्सएप ग्रुप में वायरल किया गया है।
मंत्री ने बताया कि मामले की जांच के लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि जांच में पेपर लीक या किसी की संलिप्तता सामने आती है, तो संबंधित दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


