धरसींवा में किसान का प्रदर्शन: न्याय न मिलने पर हाइटेंशन टावर पर चढ़ाया जान, ग्रामीण दे रहे समझाइश

धरसींवा। रायपुर के औद्योगिक क्षेत्र सिलतरा के ग्राम सोंडरा में अपनी जमीन वापस दिलाने की मांग को लेकर एक किसान हाइटेंशन टावर पर चढ़ गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सोंडरा निवासी किसान किशन निषाद की फॉर्च्यून फैक्ट्री के पास कृषि भूमि है। वह इसी जमीन पर खेती कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। आरोप है कि कुछ वर्ष पहले फैक्ट्री प्रबंधन ने उसकी जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया।
गांव के सरपंच संतोष साहू ने बताया कि पीड़ित किसान ने अपनी जमीन वापस पाने के लिए पुलिस, प्रशासन और अन्य संबंधित विभागों से कई बार गुहार लगाई, लेकिन उसे न्याय नहीं मिला। राजस्व विभाग द्वारा सीमांकन में जमीन किसान की ही पाई गई, इसके बावजूद उसे कब्जा नहीं दिलाया गया।
बताया जा रहा है कि लगातार प्रयासों के बाद भी समाधान नहीं मिलने से निराश किसान ने यह कदम उठाया। मंगलवार सुबह वह हाइटेंशन टावर पर चढ़ गया।
घटना की सूचना मिलते ही सरपंच और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसान को नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक किसान टावर से नीचे उतरने को तैयार नहीं था।

