रायपुर से रीवा के लिए पहली फ्लाइट 17 मार्च से शुरू, हफ्ते में तीन दिन मिलेगी सेवा

रायपुर। रायपुर से पहली बार मध्यप्रदेश के रीवा के लिए हवाई सेवा शुरू होने जा रही है। एलायंस एयर 17 मार्च से रायपुर-रीवा फ्लाइट का संचालन शुरू करेगी। इसके साथ ही भोपाल और इंदौर के बाद रीवा, मध्यप्रदेश का तीसरा शहर बन जाएगा, जहां के लिए छत्तीसगढ़ से सीधी हवाई यात्रा उपलब्ध होगी।
नई फ्लाइट के लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो चुकी है। रायपुर से रीवा का शुरुआती किराया 3614 रुपये और रीवा से रायपुर का शुरुआती किराया 4293 रुपये तय किया गया है। सीटों की उपलब्धता के अनुसार किराए में बदलाव संभव है।
एयरलाइन की ओर से फिलहाल इस फ्लाइट का संचालन सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को किया जाएगा। यात्रियों की मांग और संख्या को देखते हुए आगे उड़ानों की संख्या बढ़ाई जा सकती है।
एयरलाइन से मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली से आने वाली फ्लाइट पहले रीवा पहुंचेगी और वहां से रायपुर के लिए रवाना होगी। इसी तरह रायपुर से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट पहले रीवा जाएगी, फिर वहां से दिल्ली के लिए उड़ान भरेगी।



