हरीश राणा का लाइफ सपोर्ट हटाने की प्रक्रिया शुरू, डॉक्टरों की निगरानी में उपचार जारी

नई दिल्ली। गाजियाबाद निवासी हरीश राणा को लेकर एक भावुक मामला सामने आया है। सूत्रों के अनुसार, एम्स के इंस्टीट्यूट रोटरी कैंसर अस्पताल की पैलिएटिव केयर यूनिट में भर्ती हरीश राणा के लाइफ सपोर्ट सिस्टम को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इससे जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उनकी विदाई की तैयारी दिखाई दे रही है।
बताया जा रहा है कि लाइफ सपोर्ट से जुड़े दो प्रमुख पाइप हटा दिए गए हैं। यह पूरी प्रक्रिया डॉक्टरों की निगरानी में बेहद सावधानी और चरणबद्ध तरीके से की जा रही है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी हालत पर नजर बनाए हुए है।
जानकारी के अनुसार, आगे की स्थिति हरीश राणा के शरीर की प्रतिक्रिया और चिकित्सकीय हालत पर निर्भर करेगी। डॉक्टरों का मानना है कि निष्क्रिय इच्छामृत्यु की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है, लेकिन इसके पूरा होने के लिए कोई निश्चित समयसीमा तय नहीं की गई है।
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, यह पूरी प्रक्रिया मेडिकल प्रोटोकॉल और कानूनी दिशा-निर्देशों के तहत ही अपनाई जा रही है। फिलहाल डॉक्टरों की टीम लगातार स्थिति की निगरानी कर रही है।



