अस्पताल में लापरवाही या अपराध? नवजात का शव नाली में मिलने से लोगों में भारी आक्रोश

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिला अस्पताल के मातृत्व-शिशु विभाग के पीछे स्थित नाली में नवजात का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शनिवार को कचरा बीनने वाली एक महिला ने नाली में कुछ बहता हुआ देखा। पास जाकर देखने पर उसे नवजात का शव दिखाई दिया, जिसके बाद उसने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलते ही दुर्ग सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नाली से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मरच्युरी में रखवा दिया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, शव करीब छह माह के भ्रूण का प्रतीत हो रहा है और उसका शरीर काफी हद तक विकसित था। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर और आसपास के क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई।
इस घटना को लेकर लोगों में नाराजगी भी देखी गई। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की टीम रविवार को शव का पोस्टमार्टम करेगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
पुलिस को आशंका है कि किसी ने डिलीवरी के बाद नवजात को नाली में फेंक दिया होगा, क्योंकि शव जिला अस्पताल के मदर एंड चाइल्ड यूनिट के पीछे मिला है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि बच्चा मृत पैदा हुआ था या जीवित।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही अस्पताल स्टाफ से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नवजात का शव नाली में कैसे पहुंचा।


