रायपुर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: संपत्तिकर जमा न करने वाले व्यावसायिक परिसरों को किया सील

रायपुर। नगर निगम रायपुर के जोन क्रमांक-8 अंतर्गत संपत्तिकर के बड़े बकायादारों के खिलाफ प्रशासन ने शुक्रवार 13 मार्च को सख्त रुख अपनाया है। लंबे समय से टैक्स का भुगतान नहीं करने वाले व्यावसायिक परिसरों को निगम की टीम ने ताला लगाकर सीलबंद कर दिया है।
निगम अधिकारियों के अनुसार, इन संपत्ति मालिकों को पूर्व में कई बार डिमांड बिल, डिमांड नोटिस और अंतिम नोटिस भेजे गए थे, लेकिन बार-बार चेतावनी के बावजूद बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया। इसके बाद आयुक्त, अपर आयुक्त, उपायुक्त और जोन आयुक्त के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।
निगम द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार वीर सावरकर नगर वार्ड-01 और पं. जवाहर लाल नेहरू वार्ड-02 क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई में कई बड़े बकायादार शामिल हैं। इनमें संतोषी देवी पति रामनिवास पर 8,36,874 रुपये, प्रीतम सिंह पिता जीत सिंह पर 5,29,434 रुपये, हरवंश सिंह, महेंद्र सिंह और सुरजीत कौर पर 4,52,317 रुपये, अशोक कुमार, विजय कुमार और विनोद कुमार पर 2,25,857 रुपये, राहुल धारीवाल पिता राजेंद्र धारीवाल पर 1,83,697 रुपये, आदिल खान पर 1,41,022 रुपये और सुरेंद्र सिंह व गुरविंदर सिंह पिता प्रीतम सिंह पर 1,17,410 रुपये का टैक्स बकाया था।
इसी कड़ी में पं. जवाहर लाल नेहरू वार्ड-02 में हैदर रज़ा के भवन पर भी कार्रवाई की गई। निगम प्रशासन का कहना है कि भवन स्वामी ने अब तक संपत्ति का टैक्स अधिरोपित नहीं कराया था, जिसके चलते उनके परिसर को सील किया गया है।
निगम के अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिन संपत्ति मालिकों ने अब तक अपना बकाया टैक्स जमा नहीं किया है, वे तत्काल प्रभाव से राशि जमा कर दें। अन्यथा, आने वाले दिनों में नगर निगम इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रखेगा।



