चैत्र नवरात्रि: 72 साल बाद बन रहा अद्भुत संयोग, डोली पर सवार होकर आएंगी माता रानी

राजनांदगांव। शक्ति उपासना का महापर्व चैत्र नवरात्रि इस वर्ष गुरुवार से शुरू होगा। इस बार माता रानी का आगमन डोली पर माना जा रहा है। शास्त्रों के अनुसार डोली पर आगमन को महामारी या संघर्ष का संकेत माना जाता है, जो लोगों को सतर्क रहने का संदेश देता है। हालांकि माता का गमन हाथी पर होगा, जिसे अत्यंत शुभ संकेत माना जाता है। हाथी पर गमन अच्छी वर्षा, बेहतर कृषि, समृद्धि और आर्थिक संपन्नता का प्रतीक है।
ज्योतिषाचार्य राजीव नगर निवासी भोला पंडित के अनुसार लगभग 72 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद एक विशेष ज्योतिषीय संयोग बन रहा है, जिसमें अमावस्या तिथि के प्रभाव में ही कलश स्थापना की जाएगी। यह पर्व 19 मार्च से शुरू होकर 27 मार्च तक चलेगा। प्रतिपदा तिथि के क्षय होने के बावजूद नवरात्रि पूरे नौ दिनों तक मनाई जाएगी, जिसे धार्मिक दृष्टि से अत्यंत फलदायी माना जा रहा है।
हिन्दू पंचांग के अनुसार चैत्र शुक्ल प्रतिपदा 19 मार्च को सुबह 6:52 बजे से प्रारंभ होगी। हालांकि सूर्योदय अमावस्या तिथि में होने के कारण शास्त्रों के अनुसार उसी दौरान घट स्थापना का विधान रहेगा। इस दिन शुक्ल, ब्रह्म और सर्वार्थ सिद्धि योग का विशेष संयोग भी बन रहा है, जिसे भक्तों के लिए अत्यंत शुभ माना जा रहा है। गुरुवार से पर्व शुरू होने के कारण माता दुर्गा का आगमन डोली पर माना जा रहा है। हालांकि डोली का आगमन चुनौतियों का संकेत देता है, लेकिन विधि विधान से की गई पूजा से सुख समृद्धि और धन धान्य की प्राप्ति होती है।
कलश स्थापना के लिए दो शुभ मुहूर्त
नवरात्रि के पहले दिन 19 मार्च को कलश स्थापना के लिए दो विशेष मुहूर्त निर्धारित किए गए हैं। पहला श्रेष्ठ मुहूर्त सुबह 6:02 से 8:40 बजे तक रहेगा, जबकि दूसरा शुभ समय सुबह 9:16 से 10:56 बजे तक बताया गया है। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार इन स्थिर लग्नों में घट स्थापना करने से देवी की विशेष कृपा प्राप्त होती है और घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
सेवा पंडालों की तैयारी शुरू
नवरात्रि पर्व के दौरान हर वर्ष की तरह इस बार भी दुर्ग के अंजोरा से डोंगरगढ़ तक सेवा पंडाल लगाए जाएंगे। इसके लिए मंदिर संस्था और सेवादारों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। वहीं जिला प्रशासन ने भी बैठक लेकर सेवा पंडालों की व्यवस्था और मार्ग से संबंधित तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।



