बॉर्डर पर जंग: पाकिस्तान के एयर स्ट्राइक का तालिबान ने लिया बदला, इस्लामाबाद और पेशावर में जोरदार ड्रोन हमले

इस्लामाबाद। मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के बीच पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच भी तनाव तेज हो गया है। दोनों देशों के बीच हवाई हमलों और ड्रोन हमलों के बाद हालात गंभीर हो गए हैं। रिपोर्टों के अनुसार पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के काबुल, कंधार, पकटिया और पकटिका क्षेत्रों में एयर स्ट्राइक की। इसके जवाब में तालिबान की ओर से पाकिस्तान के इस्लामाबाद और पेशावर में ड्रोन हमले किए गए।
सूत्रों के अनुसार पाकिस्तान वायुसेना ने काबुल और कंधार में कई ठिकानों को निशाना बनाया। कंधार शहर में तालिबान के अल बद्र कोर के मुख्यालय पर भी बमबारी की गई। बताया जा रहा है कि हमले के समय वहां तालिबान के कई वरिष्ठ कमांडर मौजूद थे। पाकिस्तान का कहना है कि हमले टीटीपी के ठिकानों को निशाना बनाकर किए गए, हालांकि अफगानिस्तान की ओर से इसे लेकर अलग दावे किए जा रहे हैं।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक कंधार के अहमद शाह बाबा एयरपोर्ट के पास भी धमाका हुआ। एक निजी कंपनी की तेल रिफाइनरी को भी निशाना बनाया गया। इसके बाद अफगानिस्तान सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान के इस्लामाबाद एयरपोर्ट पर ड्रोन हमला किया। हमले के बाद कुछ समय के लिए एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही रोकनी पड़ी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पाकिस्तान वायुसेना के लड़ाकू विमान भी सक्रिय किए गए।
रिपोर्टों के अनुसार तालिबान ने इस्लामाबाद के फैजाबाद इलाके में स्थित एक सैन्य ठिकाने को भी निशाना बनाया। अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय का दावा है कि इन हमलों में पाकिस्तान के कई सैनिक मारे गए और कई सैन्य चौकियां क्षतिग्रस्त हुई हैं। पेशावर में भी ड्रोन हमलों की सूचना है, जहां कोहाट सेंट्रल कमांड और कोहाट ब्रिगेड कैंप को निशाना बनाया गया।
दूसरी ओर पाकिस्तान के हवाई हमलों में आम नागरिकों के प्रभावित होने की खबरें भी सामने आई हैं। अफगानिस्तान के स्थानीय लोगों का कहना है कि हमलों में कई घरों को नुकसान पहुंचा है। एक स्थानीय नागरिक ने बताया कि हवाई हमले के बाद उनका घर मलबे में बदल गया और परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। बाद में उन्हें मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।



