कालाबाजारी की फिराक में थे कारोबारी: रिफिलिंग पाइप और 34 गैस सिलेंडरों के साथ एक गिरफ्तार

बस्तर। जिला प्रशासन ने एलपीजी गैस की कालाबाजारी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी संख्या में सिलेंडर जब्त किए हैं। कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देश पर मंगलवार को खाद्य विभाग की टीम ने शहर के दीनदयाल उपाध्याय वार्ड में कार्रवाई की।
खाद्य नियंत्रक घनश्याम राठौर ने बताया कि विभाग को राउतपारा स्थित बालाजी केयर हॉस्पिटल के पास अवैध गैस भंडारण की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने प्रशांत महाजन के घर पर अचानक दबिश दी। जांच के दौरान घर के अंदर बड़ी मात्रा में गैस सिलेंडर पाए गए, जिनके संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने मौके से 24 घरेलू गैस सिलेंडर और 10 कमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त किए। इसके अलावा सिलेंडरों से अवैध रूप से गैस निकालने और रिफिलिंग के लिए उपयोग किए जा रहे तीन रिफिलिंग पाइप भी बरामद किए गए।
प्रशासन के अनुसार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे तनाव के कारण घरेलू गैस की आपूर्ति सीमित हो गई है। ऐसे में कुछ लोग इसका लाभ उठाकर गैस को ऊंचे दामों पर बेचने की कोशिश कर रहे हैं। कालाबाजारी पर रोक लगाने और आम लोगों को गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं।
यह कार्रवाई खाद्य विभाग की टीम ने की, जिसमें खाद्य निरीक्षक शेख अब्दुल कादिर, उमेश चौधरी, हेमंत ब्रह्मभट्ट और पायल वर्मा शामिल थे। विभाग ने जब्त सामग्री को कब्जे में लेकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही आगे भी इस तरह की जांच जारी रखने की बात कही गई है।



