रांची से रायपुर जा रही बस में लगी आग, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

जशपुर। रांची से रायपुर के लिए जशपुर होते हुए चलने वाली शिवनाथ बस में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना उस समय हुई जब बस रांची के खडगरहा बस स्टैंड से रवाना होने के बाद नामकुम क्षेत्र में रिंग रोड पर पहुंची थी। बताया जा रहा है कि बस में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग भड़क गई और कुछ ही देर में पूरी बस आग की चपेट में आ गई।
बस में आग लगने की जानकारी मिलते ही चालक ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत बस को सड़क किनारे रोक दिया और यात्रियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बस से नीचे उतार दिया गया। चालक की सूझबूझ और समय रहते उठाए गए कदमों के कारण बस में सवार सभी यात्रियों की जान बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया।
हालांकि आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी बस जलकर खाक हो गई। आग के कारण बस में रखा यात्रियों का सामान भी जलकर नष्ट हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें और धुएं का गुबार काफी दूर से दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस तथा दमकल विभाग को जानकारी दी गई। दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।



