बिलासपुर पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल: एसएसपी ने 130 पुलिसकर्मियों के किए तबादले

बिलासपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से उप निरीक्षक, सहायक उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षक और आरक्षकों सहित कुल 130 पुलिसकर्मियों का स्थानांतरण किया है। इस संबंध में आदेश जारी कर विभिन्न थानों और इकाइयों में नई पदस्थापना तय की गई है।
जारी आदेश के अनुसार सिविल लाइन, सरकंडा, सिटी कोतवाली, तोरवा, सकरी, रतनपुर, चकरभाठा, कोनी, हिर्री, तखतपुर और पचपेड़ी सहित कई थानों में पदस्थ पुलिसकर्मियों को अन्य स्थानों पर भेजा गया है। वहीं कुछ पुलिसकर्मियों को आरक्षित केंद्र और अन्य इकाइयों में पदस्थ किया गया है।
स्थानांतरण सूची पर नजर डालें तो सिविल लाइन, सरकंडा और सिटी कोतवाली जैसे प्रमुख थानों से बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों का तबादला किया गया है। प्रशासन का मानना है कि इस फेरबदल से पुलिस व्यवस्था में संतुलन बनेगा और कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी होगी।






