रायपुर में शराब दुकानों पर ओवररेट का खेल! 100 की शराब 110 में बेचकर जेब गर्म कर रहे कर्मचारी…

रायपुर। प्रदेश की राजधानी रायपुर में सरकारी शराब दुकानों में तय कीमत से ज्यादा पैसे वसूलने का खेल खुलेआम चल रहा है। आरोप है कि शराब की कीमत सरकार तय करती है, लेकिन दुकानों में काम करने वाले सेल्समैन और सुपरवाइजर अपनी मनमर्जी से ग्राहकों से अतिरिक्त पैसे वसूल रहे हैं।
दरअसल, शराब दुकानों में तय कीमत से ज्यादा रकम लेकर ग्राहकों से अवैध वसूली की जा रही है। बताया जा रहा है कि जिस शराब की कीमत सरकार ने 100 रुपये प्रति पौवा निर्धारित की है, वही शराब दुकानों में 110 रुपये में बेची जा रही है। इस अतिरिक्त राशि से कर्मचारियों और संबंधित अधिकारियों की जेब गर्म होने की चर्चा है।
खरोरा शराब दुकान का मामला आया सामने...
ताजा मामला रायपुर के आउटर क्षेत्र खरोरा स्थित शराब दुकान का बताया जा रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यहां दुकान का सुपरवाइजर अधिकारियों की कथित मिलीभगत से लंबे समय से ओवररेट पर शराब बेच रहा है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक दुकान में “मसाला” ब्रांड की शराब, जिसकी सरकारी कीमत 100 रुपये प्रति पौवा है, उसे ग्राहकों को 110 रुपये में बेचा जा रहा है। आरोप है कि यह सिलसिला रोजाना जारी रहता है और ग्राहकों से अतिरिक्त वसूली की जा रही है।
कार्रवाई पर उठ रहे सवाल...
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर यह वसूली खुलेआम हो रही है तो जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी जानकारी क्यों नहीं है, या फिर सब कुछ उनकी जानकारी में ही चल रहा है। अब सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या आबकारी विभाग इस मामले में जांच कर कार्रवाई करेगा या यह खेल यूँ ही चलता रहेगा।



