राजधानी में विंग कमांडर ने दी जान: विधायक कॉलोनी स्थित बंगले में मिली लाश, हरियाणा के रहने वाले थे मृतक

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एयरफोर्स के विंग कमांडर ने आत्महत्या कर ली। उनका शव पुरैना स्थित विधायक कॉलोनी में घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना तेलीबांधा थाना क्षेत्र की है।
पुलिस के अनुसार एयरफोर्स के विंग कमांडर विपुल यादव (39) पुरैना विधायक कॉलोनी के बंगला नंबर 79 में परिवार के साथ रह रहे थे। वे मूल रूप से हरियाणा के निवासी थे और वर्तमान में रायपुर में पदस्थ थे। बुधवार को उनका शव घर के कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला।
बताया जा रहा है कि परिजनों ने उन्हें कमरे में फंदे से लटका देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर अपने कब्जे में लिया।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। आत्महत्या के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।



