स्पंज आयरन प्लांट में हादसा, पिघला लोहा गिरने से चार कर्मचारी झुलसे

बिलासपुर। बिल्हा क्षेत्र स्थित नोवा स्पंज आयरन प्लांट में मंगलवार रात बड़ा हादसा हो गया। प्लांट के फर्नेस सेक्शन में काम के दौरान अचानक पिघला हुआ लोहा गिरने से चार कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद प्लांट में मौजूद अन्य कर्मचारियों ने तुरंत घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात शिफ्ट बदलने के बाद करीब 1 बजे बिल्हा के ग्राम भैंसबोड़ निवासी नरेंद्र कोसले, चंद्रहास तथा बिहार निवासी धर्मवीर और विनय कुमार फर्नेस सेक्शन में काम कर रहे थे। पिघले हुए आयरन को लैडर में डालने के दौरान अचानक खौलता हुआ लोहा कर्मचारियों पर गिर गया। इससे चारों कर्मचारी झुलसकर वहीं गिर पड़े।
मौके पर मौजूद साथियों ने तुरंत उन्हें बाहर निकाला और प्लांट में मौजूद अधिकारी की कार से बिलासपुर के प्रताप चौक स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार चारों कर्मचारी करीब 25 से 40 प्रतिशत तक झुलस गए हैं और उनका उपचार जारी है।
घटना में घायल विनय कुमार ने बताया कि काम के दौरान लैडर का रिंग कट जाने से खौलता हुआ लोहा उछलकर गिर गया, जिससे सभी कर्मचारी उसकी चपेट में आ गए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रबंधन की ओर से पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे।
घायल कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि प्लांट के संवेदनशील क्षेत्र में मजदूरों से बिना सुरक्षा जैकेट, चश्मा और अन्य जरूरी सुरक्षा उपकरणों के काम कराया जाता है। घटना के बाद पुलिस और औद्योगिक सुरक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।



