पुलिस और फायर फाइटर्स की तत्परता से टला बड़ा हादसा, गैस टैंकर से हो रहा था रिसाव

गुना। मध्यप्रदेश के गुना जिले की गादेर घाटी में उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब एलपीजी गैस से भरा एक टैंकर कंटेनर से टकराने के बाद उससे गैस का रिसाव शुरू हो गया। पुलिस और फायर ब्रिगेड की तत्परता से स्थिति पर समय रहते काबू पा लिया गया और संभावित बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार विजयपुर से बनारस की ओर जा रहा एलपीजी गैस का टैंकर गादेर घाटी क्षेत्र में एक कंटेनर से टकरा गया। टक्कर के बाद टैंकर से गैस का रिसाव शुरू हो गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र को घेरते हुए यातायात को नियंत्रित किया।
पुलिस ने आसपास के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी और संबंधित विभागों को भी तत्काल सूचना दी। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और गैस रिसाव को नियंत्रित करने के प्रयास शुरू किए।
पुलिस और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के चलते गैस रिसाव पर समय रहते नियंत्रण पा लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि या बड़ा नुकसान नहीं हुआ। अधिकारियों के अनुसार समय पर उठाए गए कदमों के कारण एक बड़ी दुर्घटना होने से बच गई।



