बीजापुर के अंकित सकनी ने यूपीएससी में लहराया परचम, मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉल पर दी बधाई

रायपुर। बस्तर संभाग के बीजापुर जिले के अंतर्गत भैरमगढ़ विकासखंड के एक छोटे से गांव गुदमा के निवासी अंकित सकनी ने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा 2025 में 816वीं रैंक हासिल की है। अंकित की इस बड़ी सफलता ने न केवल उनके परिवार और गांव को गौरवान्वित किया है, बल्कि पूरे बस्तर संभाग और छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंकित सकनी और उनके माता-पिता से वीडियो कॉल के माध्यम से बात की और उन्हें हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने अंकित की सफलता को प्रदेश के युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सीमित संसाधनों और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद अंकित ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से यह साबित कर दिया है कि स्पष्ट लक्ष्य और निरंतर प्रयास से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बीजापुर जैसे. दूरस्थ आदिवासी अंचल के छोटे से गांव से निकलकर देश की सबसे कठिन परीक्षा में सफल होना गौरव का विषय है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह उपलब्धि बस्तर क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रोत्साहित करेगी।


