नवा रायपुर में 27 और 28 मार्च को होगा भव्य प्रवासी छत्तीसगढ़िया सम्मेलन, मुख्य सचिव ने तैयारियों की समीक्षा की

रायपुर। नवा रायपुर में आगामी 27 और 28 मार्च को भव्य प्रवासी छत्तीसगढ़िया सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में आज विधानसभा स्थित समिति कक्ष में इस आयोजन की तैयारियों को लेकर उच्च स्तरीय बैठक संपन्न हुई। बैठक में जनसंपर्क विभाग के सचिव रोहित यादव और आयुक्त डॉ. रवि मित्तल ने कार्यक्रम की रूपरेखा और अब तक की गई तैयारियों की विस्तार से जानकारी दी।
मुख्य सचिव ने बैठक में निर्देश दिए कि विदेशों में रहकर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे छत्तीसगढ़ के नागरिकों को इस सम्मेलन में विशेष रूप से आमंत्रित किया जाए। उन्होंने कहा कि यह आयोजन राज्य और प्रवासियों के बीच संबंधों को मजबूत करने का एक बेहतर अवसर है। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सम्मेलन में आने वाले अतिथियों को उनकी आवश्यकतानुसार सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाले प्रवासियों को सम्मानित करने का निर्णय भी लिया गया है।
बैठक में बताया गया कि रायपुर साहित्य महोत्सव की तर्ज पर आयोजित होने वाले इस दो दिवसीय सम्मेलन के लिए एक विशेष पोर्टल तैयार किया गया है, जिसके माध्यम से प्रवासियों का पंजीयन किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ी लोक परंपरा और संस्कृति पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। साथ ही मेहमानों को विशेष रूप से छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का स्वाद भी परोसा जाएगा।
सम्मेलन के दौरान विशेषज्ञों के साथ स्थानीय युवाओं के लिए मार्गदर्शन सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रवासियों को प्रदेश में निवेश के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। यदि कोई प्रवासी नागरिक किसी क्षेत्र में निवेश या कार्य करने की इच्छा जताता है, तो उनके साथ एमओयू भी किया जाएगा। बैठक में छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख सचिव, सचिव और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।



