महज 15 मिनट के लिए छोड़ी थी दुकान, मौका पाकर अज्ञात बदमाश ने गल्ले से पार किए हजारों रुपये

भोपाल। राजधानी के तलैया थाना क्षेत्र के चटाईपुरा बुधवारा स्थित कलंदर शाह मस्जिद परिसर में चोरी की वारदात सामने आई है। मस्जिद परिसर में गैस किट की दुकान संचालित करने वाले दुकानदार के गल्ले से अज्ञात युवक ने 8600 रुपये चोरी कर लिए।
दुकानदार रिजवान खान (45) ने पुलिस को बताया कि 26 फरवरी की शाम करीब 5 बजे वह दुकान खुली छोड़कर पास स्थित कलंदर शाह मस्जिद में नमाज पढ़ने गए थे। उस समय दुकान पर कोई मौजूद नहीं था। करीब 15 मिनट बाद जब वह नमाज पढ़कर लौटे तो गल्ले में रखी नकदी गायब मिली।
गल्ले की जांच करने पर उसमें रखे 8600 रुपये नहीं मिले। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
फुटेज में एक संदिग्ध युवक दुकान में प्रवेश कर गल्ले से पैसे निकालकर तेजी से भागते हुए दिखाई दिया है। तलैया थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार संदिग्ध के हुलिए के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।



